रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के मार्गदर्शन में काम करते हुए साइबर थाना पुलिस ने एक छात्रा के साथ ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जिला गुरुग्राम के लहरवाडी निवासी असलम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।
डीएसपी अमित भाटिया ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शहर के मोहल्ला कुतुबपुर निवासी प्रियंका यादव ने 21 अक्तूबर को साइबर थाना में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया था। शिकायत में प्रियंका यादव ने कहा था कि 12 दिसंबर की शाम को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई थी और जानकार बता कर बात करनी शुरू कर दी। फोन करने वाले ने जानकार बन कर उसके खाते में रुपये भेजने का झांसा दिया और फोन-पे से कुछ रुपये भेजे। इसके बाद साइबर ठग ने प्रियंका के खाते से एक लाख 94 हजार रुपये निकाल लिए थे। साइबर थाना पुलिस ने ठगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। साइबर थाना एसएचओ राहुल व उनकी टीम ने तकनीकी आधार पर जांच करते हुए एक आरोपी असलम निवासी लहरवाडी जिला गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से ठगी के एक लाख 92 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए अदालत से एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उसके अन्य साथियों के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।