संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने पैसा निवेश करने के बदले मोटी कमाई का लालच देकर 14 लाख रुपये की ठगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यूपी के जिला मेरठ के पलवपुरम निवासी मयंक चौधरी के रूप में हुई हैं।
पुलिस के अनुसार शांति विहार कॉलोनी रेवाड़ी निवासी और मूल रूप से करनाल के अराईपुरा निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसकी 17 अगस्त को टेलीग्राम आईडी पर एक व्यक्ति से बात हुई थी। उसने उसे एडमिरल मार्केट प्लेटफार्म पर निवेश करने के बदले मोटा मुनाफा कमाने का सुझाव दिया गया था। उसे निवेश करने के लिए अलग-अलग खाता नंबर बताए गए थे। इसके बाद उसने 30 अगस्त को 50 हजार रुपये बताए गए खाते में जमा कराते हुए निवेश की शुरुआत की थी। उससे बार-बार ट्रांजेक्शन कराते हुए 14 लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए। जब उसने पैसे निकालने के प्रयास किए, तो उससे और पैसे जमा कराने के लिए कहा गया।
इसके बाद उसे साइबर ठगी का पता चला। जिस पर पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता लगा कि साइबर ठगी में यूपी के जिला मेरठ के पलवपुरम के रहने वाले मयंक चौधरी का बैंक खाते का प्रयोग किया गया था। इस पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी यूपी के जिला मेरठ के पलवपुरम निवासी मयंक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।