रेवाड़ी। परिवार पहचान पत्र को लेकर अब शिकायतें काफी स्तर पर कम हो गई हैं। विभागीय कर्मचारियों की कार्यशैली को दुरुस्त करवाने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में जगह जगह कैंप भी लगाएं जाएंगे। डॉ. सतीश खोला व टीम ने अपने सेक्टर एक कार्यालय पर जन समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों से समाधान करवाकर परिवारों को सरकार की योजनाओं का तुरंत लाभार्थी भी बनवाया।
डॉ. सतीश खोला ने गांव व वार्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को सभी शिकायतकर्ताओं का पूरा ब्योरा दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी के नाम, फोन नंबर, संबंधित शिकायत सभी रिकॉर्ड के साथ दर्ज होनी चाहिए और जायज शिकायतों के समाधान की समय सीमा भी कर्मचारियों को लोगों से बतानी चाहिए।
डॉ. सतीश खोला ने कहा कि परिवार पहचान पत्र मुख्यमंत्री की अति महत्वाकांक्षी योजना है जो निश्चित रूप से भ्रष्टाचार को जड़ मूल से खत्म करेगी और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के समय सीमा को भी कम करेगी, इसलिए सभी पात्र लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ लेना चाहिए। परिवार पहचान पत्र अब प्रदेश का बेस्ट डॉक्यूमेंट है।
डिजिटल माध्यम से राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, चिरायु कार्ड, आन्या कार्ड, बुढ़ापा पेंशन, निराश्रित पेंशन, लाडली पेंशन, मेरिज सर्टिफिकेट, इनकम सर्टिफिकेट बनवाने की आसान प्रक्रिया भी उपस्थित लोगों को विस्तार से बताई। कार्यक्रम में मोनिका, सुशीला, सत्यवीर, बाबूलाल, रामनारायण, नरेंद्र सिंह, बिल्लूराम, ओमदत्त, संदीप, संजय, सत्यनारायण, कर्मवीर, संतोष देवी, प्रदीप कुमार समेत काफी संख्या में लाभार्थी बनाए गए।