ग्रीन समर कैंप की गतिविधि में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत : स्कूल
रेवाड़ी। माजरा श्योराज स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ग्रीन समर कैंप के चौथे दिन विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े कई रचनात्मक कार्यों में भाग लिया। बच्चों ने गीले और सूखे कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निपटान की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने नए डस्टबिनों पर लेबल लगाकर उन्हें अपनी-अपनी कक्षाओं में रखा तथा ई-वेस्ट के लिए अलग से डस्टबिन भी तैयार किया।
ग्रीन कैंप के दौरान प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत बच्चों ने कचरा एकत्र करने के लिए कागज और कपड़े के थैलों का उपयोग किया। वहीं, विद्यालय की गार्डनर ज्योति के निर्देशन में जैविक कचरे के निस्तारण के लिए कंपोस्ट बिन का प्रयोग भी किया गया।
विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में मौजूद पेड़ों की गिनती कर उनकी फिजिकल टैगिंग की। इस दौरान पेड़ों के प्रचलित और वैज्ञानिक नाम लिखकर टैग तैयार किए गए और उन्हें संबंधित पेड़ों पर लगाया गया। इस गतिविधि में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने में सभी के योगदान की प्रशंसा की।