बावल। वार्ड नंबर 13 स्थित आनंद नगर के लोग कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो होने से परेशान हैं। मोहल्लावासियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और अधिकारी केवल फोटो खींचकर उच्च अधिकारियों को भेज रहे हैं जबकि धरातल पर स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने कहा कि दस दिनों से पांच सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। पानी सड़कों और घरों में घुस रहा है।
राकेश, रोहित और सतीश ने बताया कि सीवर का पानी गलियों में जमा होने से आमजन का निकलना मुश्किल हो गया है। छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। इससे क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बदबू के कारण आसपास रहना भी मुश्किल हो गया है।
वे दस दिनों से जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। उनका आरोप है कि शिकायत मिलने के बाद विभाग की सफाई गाड़ी मौके पर पहुंचती है, फोटो खींचकर अधिकारियों को भेज देती है और दिखाया जाता है कि काम पूरा हो गया, जबकि वास्तव में सीवर की सफाई नहीं होती।
पवन और अनिल कुमार ने बताया कि कई दिनों से सीवर का गंदा पानी सड़कों और घरों में भर रहा है। इससे बदबू फैल रही है और संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार स्वच्छ भारत अभियान चला रही है। वहीं दूसरी ओर कुछ अधिकारी ही इस अभियान को कमजोर करने में लगे हैं।
लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द सीवर की सफाई कराई जाए और समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इंसेट
अधिकारियों से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग
भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पूनम देवी भी शिकायतकर्ताओं के साथ जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की। पूनम देवी ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि विधायक डॉ. कृष्ण कुमार पहले ही अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं कि आमजन को परेशान न किया जाए और लोगों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं लेकिन कुछ अधिकारी मनमर्जी कर रहे हैं।