रेवाड़ी। लघु सचिवालय स्थित सभागार में डीसी इमरान रजा ने सोमवार को पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट से संबंधित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि लिंगानुपात में सुधार करने के लिए सख्त कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लिंगानुपात में सुधार के लिए जिला में नियमित रूप से रेड से संबंधित कार्रवाई का अंजाम दें और आरोपियों को पकड़ें।
स्वास्थ्य विभाग कम लिंगानुपात वाले गांवों को चिह्नित कर उन गांवों में लिंगानुपात सुधार की दिशा में कदम उठाते हुए ग्रामीणों को जागरूक एवं प्रेरित करें, ताकि जिला के लिंगानुपात में सुधार आए। डीसी इमरान रजा ने जिलावासियों से रेवाड़ी जिले के घटते लिंगानुपात को बढ़ाकर जिला को लिंगानुपात के मामले में पहले पायदान पर लाने का आह्वान किया है। रेवाड़ी जिले का कम लिंगानुपात समाज के लिए अच्छा संकेत नहीं है। लिंगानुपात को बढ़ाने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे।
बच्चों को एमआर-वन व एमआर-टू का टीका लगवाना सुनिश्चित करें
डीसी ने रूबेला और खसरा बाने समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 2023 तक खसरा और रूबेला मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए सभी बच्चों को 9 महीने पर एमआर-वन तथा डेढ़ साल पर एमआर-टू का टीका अवश्य लगाना सुनिश्चित करें। यदि कोई भी खसरे से संभावित केस नजर में आता है तो उस बारे रिपोर्ट करें। उन्होंने कहा कि खसरे का टीका लगवाने से संबंधित कोई भी बच्चा लेट आउट व ड्राप आउट नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों का 6 सप्ताह, 14 सप्ताह व 9 महीने के अंतराल पर पोलियो का टीकाकरण भी अवश्य किया जाए, ताकि देश पोलियो मुक्त रहे। उन्होंने मलेरिया, डेंगू, टीबी व एचआईवी बारे भी अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो टीबी मरीज निजी अस्पताल से इलाज करा रहा है और वह यदि बीच में इलाज छोड़ जाता है तो उसके बारे में स्वास्थ्य विभाग को अवश्य सूचित करें। उन्होंने डेंगू व मलेरिया बारे अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने व फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिसमें एसपी दीपक सहारण, एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार, एसडीएम कोसली जयप्रकाश, सीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. विशाल राव, सीएमजीजीए अनुकृति शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।