एचएसवीपी दफ्तर मंे उपस्थित चेक करते अधिकारी।
- फोटो : Rewari
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की ओर से जिला सचिवालय के समीप स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के दफ्तर में सुबह 9 बजे औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान यहां तैनात ईओ, कार्यकारी अभियंता व जेई समेत 69 कर्मचारी गैर हाजिर मिले। हालांकि निरीक्षण की सूचना मिलते ही 9:30 बजे तक 42 कर्मचारी आफिस पहुंच गए। दो घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान 28 कर्मचारी पूरी तरह से गैर हाजिर पाए गए।
सरकारी दफ्तरों में समय से स्टाफ के न पहुंचने की शिकायत पर बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने प्रदेश के सभी जिलों में औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएसपी राजकुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के दफ्तर में सुबह 9 बजे पहुंची। टीम को यहां तैनात 70 में 69 कर्मचारी नदारद मिले। हालांकि एक आउटसोर्स कर्मचारी ही मौके पर मिला। जबकि 9:30 बजे तक करीब 42 कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इनमे से अधिकांश ने फील्ड पर होने की जानकारी दी। अहम बात है कि यहां तैनात संपत्ति अधिकारी, एक्सईएन समेत कई जेई समय से आफिस में नहीं मिले।
इससे पहले भी सीएम फ्लाइंग की ओर से कई विभागों में रेड की जा चुकी है। कर्मचारी गैरहाजिर से लेकर समय पर फाइलों को नहीं निपटाने की शिकायत भी मिल चुकी है। आरटीए में फाइल लटकाना जहां आम है, वहीं हुडा में भी हालात बेहतर नहीं है। शहर के सेक्टरवासी हुडा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदर्शन भी कर चुके हैं, बावजूद इससे कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। सीएम फ्लाइंग के दौरान कोई कार्रवाई नहीं होने से रेड पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब तक लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी रेड का कोई फायदा नही है।
सीएम फ्लाइंग रेड का नेतृत्व कर रहे डीएसपी राजकुमार ने बताया कि कर्मचारी समय पर आते हैं या नहीं इसकी जांच की गई है। इसके अलावा कितनी शिकायतें लंबित चल रही हैं इसकी भी जांच की गई है। रिपोर्ट तैयार कर सीएम ऑफिस में भेजी जाएगी, इसके बाद कार्रवाई होगी।