रविवार को रेवाड़ी पहुंचे इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने कहा जोड़तोड़ की सरकार से हर वर्ग परेशान है, ये सरकार ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। कांग्रेस व बीजेपी से हर वर्ग परेशान हो चुका है अब विकल्प केवल इनेलो ही है इसके लिए ये बहुत जरूरी है कि संगठन मजबूत किया जाए। बैठक के दौरान इनेलो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनेलो जिला प्रधान डॉ राजपाल यादव ने की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो रूठे हुए हैं या बहककर दूसरे दलों में चले गए उनको अपने साथ जोड़कर पार्टी को मजबूत बनाने का काम आप इनेलो के कार्यकर्ताओं का है। इनेलो पार्टी ने अपने शासन में जो वायदे किये वो पूरे किए लेकिन आज की गठबंधन की सरकार ने जो घोषणा की उस पर कोई काम नही किया। हर घर से एक रोजगार देने की बात कहकर जोड़तोड़ की सरकार तो बना ली लेकिन किसी को रोजगार नही दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने बावल के एक गांव में भी एक शोक सभा में शिरकत की।
अध्यापकों को प्रमोशन मिल गया, मैं जेल काट रहा हूं: चौटाला
पूर्व सीएम ने कहा कि इनेलो पार्टी की जब सरकार बनेगी तो हर योग्य युवा को रोजगार देने का काम किया जाएगा। चौटाला ने कहा कि 3206 लोगो को रोजगार दिया तो षडयंत्र के तहत जेल भेज दिया। उन अध्यापको का तो प्रमोशन हो गया लेकिन मैं आज भी सजा काट रहा हूं। कानून के हिसाब मेरी जितनी सजा थी वो मैंने पूरी कर ली, लेकिन फिर भी ये लोग मुझे छोड़ नही रहे। क्योंकि इन पार्टियों को डर है कि अगर इनेलो पार्टीऽ मजबूत हुई तो सबका सफाया तय है। ये सरकार ज्यादा दिन नही चलने वाली इसलिए इनेलो के कार्यकर्ता ताऊ देवीलाल की नीतियों से अवगत करा कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोड़कर पार्टी को मजबूत करने का काम करें।