संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के अभय सिंह, राजेश पायलट और आईओसी चौक पर ओवरब्रिज निर्माण में आने वाली अड़चने दूर हो गई हैं। सरकार ने ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मंजूरी दे दी है। अब इसके लिए सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे। हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (एचएसआरडीसी) ने सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सलाहकार नियुक्त करने पर करीब 45 लाख रुपये खर्च होंगे। शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए तीन ओवरब्रिज की परियोजना तैयार की गई है। इनमें शहर के हुडा बाईपास को शाहजहांपुर स्टेट हाईवे नंबर 15 से जोड़ने के लिए कंटेनर डिपो (अनाज मंडी स्टेशन) के पास आरओबी का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा राव अभय सिंह चौक, गढ़ी बोलनी-कोटकासिम रोड पर राजेश पायलट चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 103 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था।
हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम ने शहर के हुडा बाईपास से होकर एनएच-11 के बाहरी बाईपास की तरह मौजूदा बाईपास को रिंग रोड के रूप में तैयार करने के लिए यह प्रस्ताव तैयार किया है। इससे निकट भविष्य में शहर की बढ़ती आबादी के हिसाब से सड़क व पुल इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पूरी होगी। 8 किलोमीटर दूरी का यह बाईपास झज्जर रोड से शुरू होकर जिला सचिवालय के पास नए अनाज मंडी स्टेशन के पास समाप्त होगा।
इस बाईपास से झज्जर-रोहतक, पटौदी और गुरुग्राम, दिल्ली रोड से आने वाले ट्रैफिक को आईओसी चौक से होते हुए शहर से गुजरना पड़ता है। इसके कारण जाम की समस्या दूर नहीं हो पाई है। दिल्ली-गुरुग्राम से आने वाले डंपर व अन्य भारी वाहन महाराणा प्रताप चौक से होते हुए नारनौल रोड पर जाते हैं। हुडा बाईपास को सीधी कनेक्टिविटी देने के लिए एचएसआरडीसी ने कंटेनर डिपो के पास आरओबी का प्रस्ताव रखा है, जो शाहजहांपुर स्टेट हाईवे को सीधे जोड़ेगा। यहां से ही हरिनगर बाईपास पर जाया जा सकता है। इसके बनने के बाद यह बाईपास शहर के रिंग रोड के रूप में काम करेगा। इससे लोगों को काफी फायदा होगा।
ओवरब्रिज बनने से जाम की समस्या होगी दूर
ओवरब्रिज बनने से भविष्य में शहरवासियों को काफी फायदा होगा। इससे जाम से भी मुक्ति मिलेगी। आने वाले समय में सेक्टर 12 में नया बस स्टैंड तैयार होगा। नया बस स्टैंड तैयार होने पर यहां पर काफी ट्रैफिक दबाव भी रहेगा। ओवरब्रिज के बाद ट्रैफिक दबाव काफी कम हो जाएगा। इससे जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
वर्जन
शहर के अभय सिंह चौक, पायलट चौक और आईओसी चौक पर ओवरब्रिज बनाने के लिए सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे। सलाहकार नियुक्त पर करीब 45 लाख रुपये खर्च होंगे।-संजय, एसडीओ, एचएसआरडीसी।
10जेएनडी29: चुनाव जीतने के बाद प्रधान समेत अन्य पदाधिकारी खुशी मनाते हुए। अधिवक्ता- फोटो : रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।