दोपहर का भोजन ग्रहण करते बच्चे। संवाद
रेवाड़ी। जिले के राजकीय विद्यालयों में मिड-डे मील के नए मेन्यू की नई सूची जारी कर दी है। जारी नए मेन्यू में राजमा चावल, गुड़ रोटी व दही, सोया खिचड़ी, चावल व सफेद चना, मीठा दलिया आदि शामिल हंै। वहीं, सर्दी को देखते हुए बच्चों की डाइट में मीठा दलिया व मिस्सी के परांठे भी मेन्यू में शामिल किया गया है।
मौलिक शिक्षा के अधीक्षक की तरफ से नए शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए मिड-डे मील का नया मेन्यू जारी किया गया है। मुख्य उद्देश्य गरीब तबके के छात्रों को स्कूल में ही पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन देना और उनकी स्वस्थ दिनचर्या का ध्यान रखना है। मिड-डे मील योजना के तहत राजकीय विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के आहार प्रदान किया जाता है।
इसमें पुलाव काला चना, चना दाल, राजमा चावल, पूरी पकौड़ी चावल,सोया पुरी से लेकर फल व दूध विद्यार्थी के डाइट में शामिल है। गौरतलब है कि विद्यालयों के लिए एक दुकान चिह्नित किया है ताकि वहीं से राशन उठाया जा सके। साथ ही यह भी तय किया गया है मिड-डे मील में प्रयोग होने वाले राशन बंद पैकेट का ही होना चाहिए।
जिले में 638 मिड-डे मील केंद्र हैं। बता दें कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले पहली कक्षा से लेकर आठवीं कक्षा तक के बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ दोपहर का भोजन दिया जाता है।