संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में अब सप्ताह में 5 दिन का कार्य दिवस होगा। सप्ताह में पांच दिन ही कक्षाएं लगेंगी।
गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए पहले से ही पांच कार्य दिवस रहते हैं। कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने शिक्षकों की इस लंबित मांग को आज स्वीकृति प्रदान कर दी। इस संबंध में विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी समिति अर्थात एग्जीक्यूटिव काउंसिल में पहले से ही निर्णय लिया जा चुका है, जिसको कुलपति की तरफ से भी हरी झंडी दे दी गई।
नए शेड्यूल के अनुसार अब विश्वविद्यालय के कार्य घंटे में भी परिवर्तन किया गया है। विश्वविद्यालय अब सुबह 9 बजे से लेकर शाम साढ़े 5 बजे तक खुलेगा। दोपहर 1 बजे से दोपहर डेढ़ तक लंच समय रहेगा।
यह नियम केवल विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में लागू होगा, सभी महाविद्यालयों में पहले वाली व्यवस्था ही बनी रहेगी।
कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने कहा कि शिक्षकों के हितों में हम निर्णय लेते रहेंगे लेकिन शिक्षकों का दायित्व है कि वे विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में अपना सर्वश्रेष्ठ दें।
कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने सभी शिक्षकों को बधाई दी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर की टीचिंग एसोसिएशन की तरफ से शिक्षक हितों में लिए गए इस निर्णय के लिए कुलपति एवं कुलसचिव का धन्यवाद किया गया। इस अवसर पर संगठन की प्रधान प्रोफेसर सविता शयोराण सहित टीचिंग एसोसिएशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।