रास्ते के किनारे पड़ीं बीयर की बोतलें। स्रोत : ग्रामीण
धारूहेड़ा। गांव खरखड़ा की सीमा में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी 60 मीटर चौड़ी परिधि रोड पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। रात के अंधेरे में असामाजिक तत्व सड़क के किनारे शराब और बीयर पीते हैं और बोतलों को सड़क पर फेंक देते हैं।
परिधि रोड हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से आठ वर्ष पहले बनाई गई थी लेकिन स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई है। इस सड़क से बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक गुजरते हैं। अंधेरे के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। खरखड़ा के सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। बताया कि यह मार्ग दिल्ली–जयपुर हाईवे को साउथ रेंज आईजी कार्यालय व आवास, राजकीय आईटीआई खरखड़ा, आसपास के सेक्टरों और कई सरकारी व शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ता है।
परिधि रोड पर शीघ्र स्ट्रीट लाइट या सोलर लाइट लगवाई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।