लार्वा की जांच करते विभाग की टीम। संवाद
रेवाड़ी। जिले में पांच दिन से डेंगू और मलेरिया का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। जिले में अब तक डेंगू के 47 मामले सामने आए हैं। इनमें 12 मरीज सरकारी अस्पतालों और 35 मरीज निजी अस्पतालों से संबंधित हैं।
राहत की बात है कि वर्तमान में डेंगू का कोई मरीज अस्पताल में भर्ती नहीं है और अब तक डेंगू से किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, सोमवार को डेंगू का कोई नया मामला सामने नहीं आया। दिनभर में 51 संदिग्ध नमूने लिए गए, जिनमें 48 सरकारी और तीन निजी स्तर पर लिए गए। अब तक कुल 3047 नमूने एकत्र किए जा चुके हैं।
डेंगू के मामलों में रेवाड़ी शहरी क्षेत्र से 20, मीरपुर से 10, बावल से नौ, गुरावड़ा से चार, खोल से तीन और नाहड़ से एक मामला सामने आया है। डेंगू का अंतिम मामला 29 सितंबर को मिला था। वहीं, जिले में अब तक मलेरिया के 14 मामले सामने आए हैं। इनमें नौ स्थानीय और पांच जिले या राज्य से बाहर के हैं। मलेरिया का अंतिम मामला भी 29 सितंबर को मिला था।
घर-घर की जा रही स्रोत कटौती
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू की रोकथाम के लिए घर-घर जाकर स्रोत कटौती गतिविधियां की जा रही हैं। सरकारी अस्पतालों में डेंगू की निशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है। संदिग्ध मरीजों के नमूने सिविल अस्पताल रेवाड़ी की डेंगू जांच प्रयोगशाला में भेजे जा रहे हैं। अस्पतालों में ओपीडी और फ्लू कॉर्नर के माध्यम से भी जांच बढ़ाई गई है।