रेवाड़ी। शहर के सराफा बाजार में आभूषण शोरूम के मालिक से दिनदहाड़े करीब 30 लाख का सोना और नकदी लूटने के मामले में 11 दिन भी आरोपी का सुराग नहीं लगा है। इससे व्यापारियों में रोष है। हालांकि व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया था। अब व्यापारी बुधवार को मोती चौक पर बैठक करके आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में भय का भी माहौल है। दूसरी ओर से पुलिस जल्द आरोपी की गिरफ्तार की बात से पल्ला झाड़ रही है। बीते 28 अप्रैल को दोपहर के करीब 3 बजे बाइक पर आए नकाबपोश बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर सराफा बाजार के व्यापारी मनीष जैन से करीब 30 लाख रुपये के जेवरात और 70 हजार की नकदी लूट ली थी। इसके विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद करके मोती चौक पर धरना शुरू कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने व्यापारियों को आश्वासन दिया था जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन करीब 11 दिन बीतने के बाद भी आरोपी का सुराग नहीं लगा हैै, जिससे व्यापारियों में रोष है।
विज्ञापन
आरोपी पर 50 हजार का इनाम
व्यापारियों के गुस्से एवं सीएम की फटकार के बाद पुलिस ने आरोपी का सुराग देने वाले को 50 हजार का इनाम देने की घोषणा की हुई है। वहीं एसआईटी का गठन भी किया है। इसके बाद बाजारों में सीसीटीवी फुटेज के फोटो लगवाने के साथ ही सोशल मीडिया में भी वायरल किए गए हैं। व्यापारियों का आरोप है कि बाजार में लंबे समय से सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं है। इसी का परिणाम है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और बदमाश दिनदहाड़े लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शहर के व्यापारी लंबे समय से मुख्य बाजारों में सीसीटीवी कैमरे व पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग करते आ रहे हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम संभावित स्थानों पर छापामारी कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।व्यापारियों को किसी तरह की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।
-दीपक सहारण, एसपी।