रेवाड़ी। माजरा में प्रस्तावित एम्स में हो रही देरी के सवाल पर बावल में पौधरोपण व विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि सरकार की तरफ से इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है। दो-तीन एकड़ जमीन का मामला अटकने के चलते निर्माण रुका हुआ है। यदि यह जमीन नहीं मिली तो यहीं पर कोई दूसरा विकल्प तलाशा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जमीन दे चुके किसानों को मुआवजा देकर जल्द रजिस्ट्री भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया एम्स निर्माण में खुद रुचि ले रहे हैं। ऐसे में सरकार की तरफ से कोई ढील नहीं है। जमीन का पैच क्लियर होते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
उपमंडल सचिवालय बावल व आरओबी का किया निरीक्षण
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने शनिवार को बावल में निर्माणाधीन उपमंडल सचिवालय बावल और रेलवे लाइन पर बन रहे आरओबी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। सहकारिता मंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। डॉ. बनवारी लाल ने रेलवे रोड पर निर्माणाधीन आरओबी के कार्य का जायजा लेते हुए कहा कि इसको शीघ्र पूरा कराया जाय। उन्होंने कहा कि तेज गति से काम करके आरओबी के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें, ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने पुल के नीचे बनाए जा रहे अंडरपास में लाइट और बारिश के पानी की निकासी के भी समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए। सहकारिता मंत्री ने निर्माणाधीन उपमंडल सचिवालय का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपमंडल सचिवालय में सभी सुविधाओं के साथ आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्थाएं होनी चाहिएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों के निवास के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया और खाली रहने वाली जमीन पर पौधरोपण करवाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एसडीम बावल संजीव कुमार, तहसीलदार मनमोहन, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सचिन भाटी, जेई दलबीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।