रेवाड़ी। गांव बिठवाना स्थित पीएमश्री राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं। विद्यालय में पढ़ने वाले 725 विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हाल ही में शौचालयों का निर्माण कराया है।
वर्तमान में विद्यालय परिसर में कुल 15 शौचालय उपलब्ध हैं। इनकी स्थिति संतोषजनक बताई है। करीब 15 दिन पहले शौचालयों की स्थिति खराब होने से विद्यार्थियों को परेशानी होती थी, लेकिन अब नई व्यवस्था से स्वच्छता बनी हुई है।
इस समस्या को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से निदेशालय को भी अवगत कराया गया था। शिकायत के बाद डी-प्लान के तहत बजट जारी किया गया। इससे विद्यालय में नए शौचालयों का निर्माण कराया गया।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब शौचालयों की स्थिति बेहतर हो गई है और विद्यार्थियों को काफी सहूलियत मिल रही है।विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक लगभग 15 दिन पहले ही शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा किया गया है।
इस कार्य पर करीब 2.5 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। शौचालयों के निर्माण के बाद विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है। इससे विद्यार्थियों और स्टाफ को राहत मिली है। यह निर्माण कार्य डी-प्लान के तहत किया है।
योजना के अंतर्गत विद्यालय के लिए कुल तीन लाख रुपये की ग्रांट जारी की गई थी। इसी राशि में से शौचालयों के निर्माण पर 2.5 लाख रुपये खर्च किए हैं जबकि शेष राशि अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उपयोग में लाई जा रही है।
बेहतर शौचालय व्यवस्था से विद्यार्थियों को मिली राहत
प्राचार्य दुष्यंत ने बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि शौचालय हमेशा स्वच्छ और उपयोग योग्य बने रहे। स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को समय-समय पर निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
डी-प्लान के तहत जारी बजट से शौचालयों का निर्माण कराया गया है। पहले शौचालयों की स्थिति खराब होने से विद्यार्थियों को परेशानी होती थी लेकिन अब नई व्यवस्था से स्वच्छता बनी हुई है। नियमित सफाई और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
- दुष्यंत सिंह, प्राचार्य पीएमश्री विद्यालय, बिठवाना