संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गुरुग्राम से स्थानांतरित होकर आए एसपी डॉ. मयंक गुप्ता ने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया। एसपी डॉ. मयंक 2019 बैच के पुलिस अधिकारी हैं। वे स्वच्छ छवि के जनप्रिय पुलिस अधिकारी के तौर पर जाने जाते हैं। वह साइबर मामलों को सुलझाने के एक्सपर्ट हैं।
डॉ. मयंक गुप्ता राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं। उन्होंने एमबीबीएस की हुई है। उन्होंने डीसीपी ईस्ट गुरुग्राम, डीसीपी वेस्ट सोनीपत, एएसपी खरखौदा के अलावा एडिशनल एसपी भिवानी के तौर पर भी सेवाएं दी हैं। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विभिन्न प्रकार की समस्याओं बारे भी जानकारी हासिल की और समाधान करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जिले को अपराध मुक्त करने के प्रयास किए जाएंगे। महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ते साइबर अपराधों व नशे की रोकथाम उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
कहा कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा। थाना चौकियों में सफाई स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा। काम में लापरवाही व कोताही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा, सभी जीरो टॉलरेंस पर नेक नियति, ईमानदारी से काम करें।