कोसली। विधायक अनिल कुमार 16 अक्तूबर को सुबह 9 बजे नए बस स्टैंड का शिलान्यास करेंगे। इस बस स्टैंड के निर्माण पर कुल 11 करोड़ 57 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 5 करोड़ 37 लाख 46 हजार रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस राशि से बस स्टैंड के भवन का निर्माण कराया जाएगा। बस स्टैंड के निर्माण से कोसली क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
बस स्टैंड का निर्माण होने से ग्रामीण रूटों पर बस यात्रा आसान होगी। अन्य जिलों से नए बस स्टैंड से करीब 50 बसों का संचालन किया जाएगा। इस परियोजना के तहत कोसली में सब-डिपो की स्थापना के लिए पदों को भी स्वीकृति दी गई है।
ग्रामीण इलाकों और अन्य रूटों पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। कोसली क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन बसों के माध्यम से रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, गुरुग्राम और दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों के लिए बस परिवहन महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में नए बस स्टैंड के निर्माण से यात्रियों को सुविधाजनक स्थान पर बस सेवा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
कोसली में लंबे समय से आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नया बस स्टैंड व सब डिपो बनने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।