संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन से संबद्ध इकाई की ओर से 5वीं राज्यस्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन कैथल स्थित आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की गई थी। इसमें रिदमिक पेयर सब जूनियर में नव्या यादव और तनिष्का ने स्वर्ण पदक जीता।
योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष व नव सृष्टि योग एवं शोध संस्थान के संस्थापक डॉ. युद्धवीर ने बताया कि रेवाड़ी के 15 प्रतिभागियों ने जिला सचिव नितिन कुमार, टीम कोच प्रियंका, मैनेजर अनीश कुमार, अंतिमा सैनी के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया। सचिव नितिन कुमार ने बताया कि रेवाड़ी टीम से रिदमिक पेयर सब जूनियर में नव्या यादव व तनिष्का ने स्वर्ण पदक, रिदमिक पेयर जूनियर में धारणा रावत व रिया शर्मा ने सिल्वर मेडल और सब जूनियर आर्टिस्टिक पेयर में नव्या व नियति शर्मा ने ब्रांज मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया। योगासन भारत के महासचिव व हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
डॉ. युद्धवीर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी मेहनत की और संस्थान पर विश्वास किया। जिले में योगासन का विस्तार हो रहा है। पिछले दिनों आयोजित जिला और खंड स्तर की योगासन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया था। उन्होंने कहा कि योगासन खेल अब एशियन गेम्स में भी शामिल होने जा रहा है।