अपनी बात को रखते नंबरदार एसोसिएशन के सदस्य। स्रोत: एसोसिएशन
रेवाड़ी। हरियाणा राज्य के नंबरदार एसोसिएशन के प्रधान उदयराज राव मीरपुर के नेतृत्व में नंबरदारों ने सीएम नायब सैनी से मिलकर लंबित मांगों को शीघ्र लागू करने की घोषणा करने का अनुरोध किया। प्रधान उदयराज राव ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों के माध्यम से सीएम को ज्ञापन देकर नंबरदारों के प्रति उनके वादों का स्मरण कराया, जिसके उपरांत सीएम ने सभी मांगों को सहर्ष स्वीकार करके जल्द ही अन्य अधिकारिक औपचारिकताएं पूरी करने का आश्वासन दिया।
सीएम आवास में उपस्थित सभी नंबरदारों ने मुख्यमंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही हरियाणा राज्य के सभी नंबरदारों द्वारा सरकार को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रधान उदयराज राव, उप प्रधान अर्जुन सिंह, महासचिव जसवंत सिंह, सचिव विक्रम सिंह और खालेटा गांव के सरपंच स्वरूप सिंह मौजूद रहे।
नंबरदारों की मुख्य मांगें
रिक्त पदों पर लगी रोक तुरंत प्रभाव से हटाई जाए।
नंबरदारों के पद को पैतृक (योग्यतानुसार) किया जाए।
नंबरदारों को सरपंच के बराबर मानदेय दिया जाए, क्योंकि पहले भी नंबरदार व सरपंच का मानदेय एक समान था।
पूर्व सरकार द्वारा 23 नवंबर 2021 को पारित आदेश को निरस्त किया जाए, जिसमें नंबरदारों पर चिकित्सा एवं आयु सीमा की शर्त थी।