रेवाड़ी। शहर के बावल रोड स्थित एक शोरूम में घुसकर एक युवक आठ लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर भाग गया। आरोपी युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। 27 जनवरी की सुबह शोरूम खोलने पर चोरी के बारे में पता लगा। शोरूम के महाप्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बीएमजी एलीगेंट सिटी निवासी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि वह बावल रोड स्थित डिनको फारव्हील में महाप्रबंधक हैं। गणतंत्र दिवस के कारण 26 जनवरी को शोरूम बंद था और सभी कर्मचारी छुट्टी पर थे। 27 जनवरी की सुबह कर्मचारी शोरूम में पहुंचे तो ताले टूटे हुए मिले।
कैशियर व अन्य कार्यालयों की टेबल के ड्रावर उखड़ी हुई थीं और उसमें रखी नकदी गायब थी। जांच करने पर शोरूम के मालिक के कार्यालय में ताले टूटे हुए मिले। चोर कैशियर के कार्यालय से 19 हजार 155 रुपये व शोरूम मालिक के कार्यालय से आठ लाख रुपये चोरी कर ले गया।
सूचना के बाद माडल टाउन थाना पुलिस भी शोरूम पहुंची। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो एक युवक चोरी करता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ली है। आरोपी की पहचान का प्रयास कर रही है। पुलिस ने महाप्रबंधक धर्मेंद्र यादव की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।