संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले की तीनों अनाज मंडियों में सरसों की आवक जारी है। शनिवार को जिले की बावल, कोसली रेवाड़ी अनाज मंडी में सरसों की फसल बेचने के लिए किसानों की भीड़ रही। शनिवार को रेवाड़ी अनाज मंडी में 8400 क्विंटल की आवक हुई, किसानों से 8100 क्विंटल सरसों की खरीद की गई है।
अभी तक 1585 किसानों को 16 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। रेवाड़ी अनाज मंडी में किसान सुबह के समय ही अनाज मंडी के बाहर सरसों बेचने के लिए पहुंच गए थे। कई किसान तो ऐसे थे जो सुबह से लाइन में लगे रहे और दोपहर तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। किसान गर्मी से काफी परेशान रहे। किसान अपनी सरसों की कटाई लगभग पूरी कर चुके हैं। फिलहाल आने वाले दिनों में मंडी में बंपर आवक होने की संभावना है। मंडियों में सरसों की आवक बढ़ने के साथ ही अब एमएसपी पर सरसों बिक्री करने के लिए राज्य सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। किसान एक दिन में 25 क्विंटल की जगह 40 क्विंटल सरसों की बिक्री कर सकेंगे।
हैफेड डीएम प्रवीण शर्मा का कहना है सरसों में नमी की मात्रा 8 प्रतिशत से कम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरसों की खरीद निर्धारित मानकों से ही की जाएगी। किसान बिक्री करने में जल्दबाजी न करें। किसान अपनी सरसों की फसल को सुखाकर और साफ करके लाएं, ताकि उनको बिक्री के लिए मंडी में किसी प्रकार की दिक्कत न उठानी पड़े।
मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी
गेट पास कटवाने के लिए किसानों को फसल पंजीकरण कागज, पंजीकृत किसान का आधार कार्ड, बैंक की कॉपी की एक-एक कॉपी लेकर आनी होगी। अब अगर कोई किसान तय मात्रा से ज्यादा सरसों लेकर आ गया तो बाकी सरसों अगले दिन या फिर दूसरी जगह ही बिक्री करनी पड़ेगी। वहीं सरसों की सरकारी समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी है।