रेवाड़ी। जिले के गांव मुंडनवास में शनिवार को चचेरे भाई की गोली मार कर हत्या करने और दूसरे भाई को घायल करने वाले युवक व उसकी पत्नी सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस चौथे आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन वह अभी हत्थे नहीं चढ़ पाया है।
पुलिस ने बताया कि गांव मुंडनवास निवासी बीर सिंह व भूपेंद्र उर्फ मोगली शनिवार को पिता दुलीचंद व मां के साथ मारपीट कर रहे थे। बीर सिंह की पत्नी कविता व भूपेंद्र की पत्नी सोनू भी मारपीट में शामिल थी। दुलीचंद की आवाज सुनकर उनका छोटा भाई सुभाष व बेटा भीम सिंह भी मौके पर पहुंच गए थे तथा बीचबचाव का प्रयास किया था। बीर सिंह, भूपेंद्र, कविता व सोनू ने सुभाष व भीम सिंह के साथ भी मारपीट शुरू कर दी थी। शोर सुन कर सुभाष के बेटे विजय व ब्रह्मप्रकाश भी वहां पहुंच गए थे। इसी दौरान बीर सिंह व भूपेंद्र ने गोलियां चला दी थी। गोली लगने से विजय की मौत हो गई थी, जबकि ब्रह्मप्रकाश घायल हो गए थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। कसौला थाना पुलिस ने सुभाष की शिकायत पर चारों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
हथियारों के साथ पकड़ा गया था बीर सिंह
कसौला पुलिस ने हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी बीर सिंह को उसके साथी सुधीर के साथ कार सहित काबू किया था। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। कार से पुलिस ने एक रिवाल्वर, एक डबल बैरल बोर डोगा गन व 15 कारतूस भी बरामद किए थे। पुलिस ने हत्या की वारदात में शामिल कविता व सोनू को भी गिरफ्तार कर लिया था। तीनों आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश किया।