रेवाड़ी/धारूहेड़ा। मतदान के करीब 6 माह बाद आखिरकार 17 वार्ड वाली नगरपालिका धारूहेड़ा को वार्ड-5 के पार्षद सत्यनारायण उर्फ अजय जांगड़ा के रूप में उपप्रधान मिल गया। भाजपा खेमों के बीच चल रही जोर आजमाइश के बीच किसी पुराने भाजपाई को उपप्रधान बनाने की कवायद की हवा मंगलवार की रात को निकल गई थी, क्योंकि अजय जांगड़ा के खेमे में पार्षदों की संख्या 11 से बढ़कर कोरम के लिए जरूरी 12 हो गई थी। ऐसे में बुधवार को होने वाले चुनाव की औपचारिकता मात्र रह गई थी।
बुधवार सुबह चार पुराने भाजपाई पार्षद भी अजय की जीत को अजेय बनाने के लिए समर्थन देने पहुंच गए और मतदान की बजाय आरओ रेवाड़ी एसडीएम रविंद्र यादव की मौजूदगी में अजय जांगड़ा को सर्वसम्मति से उपप्रधान चुन लिया गया। विरोधी खेमे की उम्मीदवार वार्ड-1 की पार्षद सुमित्रा मुकदमा गैर हाजिर रही। बड़ी बात है कि करीब 13 दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ट्रक यूनियन प्रधान अजय जांगड़ा को अपना आशीर्वाद दे चुके थे। इसके बाद अजय 10 पार्षदों को लेकर कश्मीर की वादियों में सैर के लिए निकल गए थे। मंगलवार की रात को वह दिल्ली पहुंचे थे और यहां से एक बस में सवार होकर बुधवार को धारूहेड़ा पहुंचे। असल बात यह है कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत खेमे की सक्रियता के चलते विरोधी खेमे की रणनीति फेल हो गई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारील लाल राव के निजी सचिव रवि यादव भी मौजूद रहे।
कार्यकारी प्रधान बनेंगे या नहीं इस पर भी संशय
धारूहेड़ा नगरपालिका चेयरमैन व पार्षदों के चुनाव का परिणाम 31 दिसंबर 2020 को आया था। लेकिन कुछ दिनों बाद दूसरे नंबर पर रहे संदीप बोहरा ने प्रधान चुने गए कंवर सिंह यादव की मार्कशीट को फर्जी बताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत दी थी। चुनाव आयोग की ओर से एसडीएम की जांच में मार्कशीट फर्जी पाई गई थी। इसके बाद आयोग प्रधान को अयोग्य करार दे दिया था। इसके चलते उपप्रधान ही कार्यकारी प्रधान बनेगा, पार्षदों की ओर जोड़तोड़ की जा रही थी। जानकारों के अनुसार प्रधान की मौत या फिर लंबे समय तक बीमार होने की स्थिति में ही उपप्रधान कार्यकारी प्रधान के रूप में कार्य कर सकता है। इस नई स्थिति में एक्ट में संशोधन करना पड़ेगा, तभी जाकर उप-प्रधान कार्यकारी प्रधान बन पाएगा। बता दें कि अयोग्य दिए गए प्रधान की ओर से भी हाईकोर्ट में याचिका डाली हुई है, उसकी सुनवाई भी अगले माह होनी है।
----
किसी पार्टी से नहीं रहा जुड़ाव, राव को श्रेय
धारूहेड़ा नगरपालिका उपप्रधान बनने पर अजय जांगड़ा ने अपनी प्राथमिकता गिनाते हुए बताया कि बस स्टैंड के दोनों तरफ साइड रोड व शहर गड्ढों को भरवाया जाएगा। सेक्टर-6 में जलभराव की समस्या को खत्म करेंगे। धारूहेड़ा में अस्पताल की जरूरत है, उसको बनाया जाना चाहिए। धारूहेड़ा में खेल स्टेडियम जरूरी है, इसको बनवाने का प्रयास किया जाएगा। बुनियादी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जीत का श्रेय केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी को जाता है। हमारी टीम किसी भी राजनीतिक पार्टी से नहीं जुड़ी हुई है। नगरपालिका में बात हो गई है वाइस चेयरमैन ही चुनाव तक चेयरमैन का कार्य करेगा।
ये पार्षद रहे मौजूद
वार्ड-दो कमलेश देवी, वार्ड-3 से सरोजबाला, 4 से राजकुमार, 6 से अनिरुद्ध, 7 से प्रशांत यादव,8 से राजबीर, 9 से राहुल, 10 से मंजू, 11 से शीशपाल, 12 से धर्मवीर, 13 कृष्ण, 14 से पूजा, 15 मनोज कुमार, 16 से मनीषा व वार्ड-17 से पार्षद पुष्पा देवी मौजूद रही।