नप में हुए घोटालों की जांच मुख्यमंत्री ने स्टेट विजिलेंस को सौंप दी है। साथ ही स्पेशल ऑडिट भी नगर परिषद की गतिविधियों पर नजर रखेगा।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव ने इस संबंध में स्टेट विजिलेंस ब्यूरो के महानिदेशक को पत्र भेज दिया है।
नप में वित्तीय अनियमितताओं पर उपायुक्त ने मई माह में जांच रिपोर्ट शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव को भेजी थी। इस पर रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए सीएम इसकी जांच स्टेट विजिलेंस से करवाने का अनुमोदन किया है।
जल्द मांगी गई है जांच रिपोर्ट
प्रधान सचिव की ओर से स्टेट विजिलेंस महानिदेशक को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि नगर परिषद रेवाड़ी में वित्तीय अनियमितताओं की जांच करने के बाद रिपोर्ट विभाग को जल्द सौंपी जाए। आदेश की कापी उपायुक्त को भी भेजी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश खोला ने नगर परिषद में पिछले दो सालों में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताएं होने का आरोप वर्तमान प्रधान और तत्कालीन नप अधिकारियों पर लगाया था। इसके बाद कष्ट निवारण समिति की बैठक में पीडब्लूडी मंत्री राव नरबीर सिंह और बाद में कई पार्षदों के साथ सोनीपत जाकर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन से भी घोटालों की शिकायत की गई थी।