प्रदर्शन को लेकर बातचीत करते एमपीएचई एसोसिएशन के पदाधिकारी। स्रोत : एसोसिएशन
रेवाड़ी। एमपीएचई एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी की गठित तालमेल कमेटी ने रेवाड़ी का दौरा किया। यह दौरा आगामी 5 जुलाई को स्वास्थ्य मंत्री के रामपुरा स्थित आवास के घेराव एवं रोष प्रदर्शन की तैयारियों के मद्देनजर किया गया।
इस दौरान जिला रेवाड़ी कार्यकारिणी ने भी मीरपुर ब्लॉक का दौरा किया, जहां बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में कर्मचारियों को रोष प्रदर्शन के उद्देश्य और मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान ब्लॉक मीरपुर के कर्मचारियों ने जिला कार्यकारिणी को आश्वस्त किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में रामपुरा पहुंचकर रोष प्रदर्शन को सफल बनाएंगे। कर्मचारियों ने कहा कि अपनी मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों का एकजुट होना आवश्यक है।
जिला और राज्य स्तर के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से संगठन की मजबूती बनाए रखने तथा आंदोलन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। बैठक का समापन आंदोलन की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा के साथ हुआ।