रेवाड़ी। गांव जड़थल में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करते हुए सेना के जवान। स्रोत: ग्रामी
बावल। जम्मू-कश्मीर के अवंतिपुरा में तैनात भारतीय वायुसेना के जवान साहिल मीणा की गोली लगने से हुई शहादत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जैसे ही शहादत की खबर बावल पहुंची, गांव में मातम छा गया। साहिल में बचपन से ही देशभक्ति की भावना थी।
साहिल मीणा 2019 में भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे। परिवार के अनुसार साहिल बचपन से ही अनुशासनप्रिय, मेहनती और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत थे। उनका सपना था कि वह सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करें और उन्होंने अपने इस सपने को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया। ड्यूटी के प्रति उनकी जिम्मेदारी और ईमानदारी की यूनिट में भी सराहना होती रही है।
शहीद के परिजनों ने बताया कि साहिल को वायुसेना की वर्दी पहनने पर गर्व था। वह हमेशा कहते थे कि देश की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। उनकी शहादत से न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। गांव के लोग शहीद के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
सबसे मार्मिक पहलू यह है कि साहिल मीणा की शादी आगामी 15 फरवरी को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और खुशियों का माहौल था, लेकिन एक ही खबर ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। जहां शहनाइयों की तैयारी थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।
शहीद की शहादत की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। लोगों ने कहा कि साहिल मीणा की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
रेवाड़ी। गांव जड़थल में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करते हुए सेना के जवान। स्रोत: ग्रामी