रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर कुंड चौकी के समीप शनिवार देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव अहरोद निवासी 36 वर्षीय जितेंद्र उर्फ टींकू के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
जितेंद्र एक निजी कंपनी में काम करता था। शनिवार देर रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। ट्रक चालक को एम्स जाना था, लेकिन रास्ता भटकने के कारण वह कुंड चौकी के पास पहुंच गया। आगे निकल आने का अहसास होने पर चालक ट्रक को मोड़ने लगा। इसी दौरान बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। लोगों ने आरोप लगाया कि चालक ने शराब पी रखी थी। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद शुरुआत में पुलिस ने चालक को मौके से जाने दिया। इसी बात को लेकर लोगों में रोष फैल गया और उन्होंने रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर जाम लगा दिया।
पुलिस के आश्वासन पर खोला जाम
जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर कुंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गजराज ने पुलिस टीम के साथ लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोगों ने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस की ओर से कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद लोगों ने जाम खोल दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
जितेंद्र अपने परिवार में दो बच्चों का पिता था। उसकी सात वर्षीय बेटी और करीब पांच साल का बेटा है। हादसे में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव अहरोद में भी शोक का माहौल है। पकड़ा गया ट्रक चालक उत्तर प्रदेश के इटावा का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि ट्रक का मालिक नीमराना निवासी है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।