रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग एवं सामाजिक कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. सतीश कुमार ने किया। छात्रों को नई पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
तत्पश्चात विश्वविद्यालय के विभिन्न प्राध्यापकों एवं समन्वयकों ने विद्यार्थियों को उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर प्रोफेसर पंकज त्यागी, पुस्तकालय प्रभारी ने विश्वविद्यालय पुस्तकालय में उपलब्ध अर्थशास्त्र एवं सामाजिक कार्य से संबंधित पुस्तकों, संदर्भ पत्रिका, ई-बुक्स आदि की जानकारी दी।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनीता यादव ने एनएसएस की शुरुआत, उसका महत्व और छात्रों के व्यक्तित्व विकास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. पवन, वाईआरसी कार्यक्रम अधिकारी ने यूथ रेडक्रॉस शिविरों व गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. प्रियंका रंगा ने एनएसएस एवं वाईआरसी की महत्ता पर चर्चा की और छात्रों को इनसे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. सतेंद्र, सामाजिक कार्य विभाग और डॉ. देवेंद्र सिंह, अर्थशास्त्र विभाग ने विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम एवं नए विषयों के महत्व के बारे में बताया।
प्रो. सतीश ने छात्रावास एवं डीएसडब्ल्यू विभाग से संबंधित सुविधाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में दोनों विभागों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अर्थशास्त्र विभाग के शोधार्थियों ने भी भागीदारी की।