संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा राज्य कर्मचारी आयोग की तरफ से 26 एवं 27 जुलाई को सीईटी का आयोजन किया जाएगा। दोनों दिन दो शिफ्टों में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थियों के लिए 400 से अधिक बसें चलाई जाएंगी। जिले के अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र जिला झज्जर एवं गुरुग्राम में है। ऐसे में 26 एवं 27 जुलाई को को सुबह एवं शाम की शिफ्ट में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल 400 से अधिक बसें चलाई जाएंगी। जिला महेन्द्रगढ़ के अभ्यार्थी जिला रेवाड़ी में परीक्षा देंगे। जिनके लिए सरकार द्वारा जिला रेवाड़ी में 70 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिला महेन्द्रगढ़ से आने वाले अभ्यर्थियों को बसें पार्किंग स्थल सेक्टर-18 में उतारेंगी, जहां से इन अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए रेवाड़ी डिपो द्वारा शटल बस सेवा का संचालन किया जाएगा।
शटल बस सेवाएं अभ्यर्थियों को पार्किंग स्थल से उनके परीक्षा केन्द्र तक लेकर जायेगी एवं परीक्षा समाप्त होने पर अभ्यार्थियों को वापिस उनकी बसों के पास पार्किंग स्थल पर छोड़ेगी। रेवाड़ी डिपो द्वारा प्राप्त परीक्षा केन्द्रों की सूची अनुसार शटल बस सेवा के रूटों की पहचान कर ली गई है तथा शटल बस सेवा के लिए 12 रूट बनाए गए है, जो कि जिला रेवाड़ी के सभी 70 परीक्षा केन्द्रों को कवर करेंगे।