संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर में प्रत्येक शनिवार को विभिन्न संगठनों के सहयोग से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के थीम गीत जागेंगे जगाएंगे नया करके दिखाएंगे का लोकार्पण भाड़ावास गेट के निकट विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने किया।
साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया की ओर से लिखित इस गीत को संगीतकार एवं गायक मुरारी लाल सोनी और गायिका मीना दादरी ने संगीत और स्वर दिया है। विधायक ने कहा कि स्वच्छता जागरूकता की अलख जगाते इस गीत में महाभारतकालीन इतिहास, अमर शहीद राव तुलाराम, राव गोपाल देव और हेमचंद्र विक्रमादित्य हेमू की वीरता, शौर्य एवं बलिदान की स्मृतियां सहेजी गई हैं। इसलिए इसे स्वच्छता अभियान का अभिन्न हिस्सा बनाया जाएगा। उन्होंने गीत के रचनाकार, संगीतकार तथा गायकों को इस सृजनशीलता हेतु बधाई देते हुए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप नारायण के संयोजन व संचालन में स्वच्छता शपथ के साथ प्रारंभ हुए इस साप्ताहिक अभियान की शुरुआत अग्रसेन चौक से की गई, जिसमें करीब दो दर्जन सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वच्छता योद्धाओं के साथ मिलकर अग्रसेन चौक से गोकल गेट तक श्रमदान किया। इस अवसर पर भाजपा की जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, पार्षद धीरज शर्मा वासुदेव वाले, रत्नेश बंसल, प्रधान रविंद्र यादव, नंदिनी यादव, प्रियंका यादव आदि सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वच्छता योद्धा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।