पीड़ित ज्वेलर से बात करते विधायक चिरंजीव राव।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। शनिवार रात को कटला बाजार में ताला तोड़कर ज्वेलरी शॉप से लाखों के आभूषण चोरी होने के बाद विधायक चिरंजीव राव ने दुकान पर जाकर आभूषण व्यापारी से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात कर इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा।
पत्रकारों से बातचीत में विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि कोरोना की मार के चलते व्यापार पहले ही ठंडा पड़ा है। ऐसे में चोरी की घटनाएं रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है। वहीं उन्होंने नगर परिषद के दावों पर भी सवाल उठाए कि भारी भरकम राशि खर्च करने के बावजूद शहर के बाजारों में सीसीटीवी कैमरे न होना नगर परिषद में भ्रष्टाचार को उजागर करता है। शहर में इस तरीके की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी चोरी की बहुत से वारदात हो चुकी हैं। पुलिस प्रशासन को इस पर सख्ती से कार्रवाई करनी पड़ेगी, अन्यथा वारदातों को अंजाम देने वालों के हौसले और बढ़ेंगे। विधायक ने कहा कि पुलिस को शहर में गश्त बढ़ाने और हर चौक चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की जरूरत है। अगर समय रहते चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो इस तरह की वारदात लगातार होती रहेंगी। इस मौके पर उनके साथ पार्षद मोनू राव, सराफा बाजार के प्रधान नीरज सोनी आदि मौजूद रहे।