रेवाड़ी। राजस्थान के भरतपुर जिले से लापता एक युवती ने प्राणपुरा रोड स्थित किराये के मकान में खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
राजस्थान के भरतपुर जिले की रहने वाली बीना (23) बुधवार को प्राणपुरा रोड स्थित अपने किराये के कमरे में फंदे से लटकी मिली। जब मकान में रहने वाले अन्य किरायेदारों ने काफी देर से बीना का कमरा बंद देखा और खिड़की से झांककर देखा तो वह फंदे से लटकी हुई थी।
पड़ोसियों ने सूचना बावल थाना पुलिस को दी। बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बावल थाना प्रभारी लाजपत ने बताया कि युवती 13 जून को बावल आई थी। किराये के कमरे में रहने लगी थी। युवती काफी समय से घर से लापता थी। परिजनों ने भरतपुर में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया हुआ है। परिजनों को बीना की आत्महत्या की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता चल पाएगा। संवाद