रेवाड़ी। शिक्षा विभाग ने आरटीई (शिक्षा का अधिकार) नियमों की अनदेखी करने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिले के 16 निजी स्कूलों के एमआईएस पोर्टल तत्काल प्रभाव से ब्लॉक कर दिए हैं।
विभाग के अनुसार इन स्कूलों ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों का विवरण पोर्टल पर अपलोड नहीं किया। साथ ही मान्यता संबंधी दस्तावेजों में भी कई खामियां मिली हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी दुष्यंत सिंह ने बताया कि 13 जुलाई से सभी संबंधित स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे और उनसे जवाब मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे भी नियमानुसार प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पोर्टल ब्लॉक होने के कारण इन स्कूलों में नए विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण और प्रवेश पर रोक लग गई है। हालांकि, पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए स्कूलों को केवल स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट जारी करने की अनुमति दी गई है।