रेवाड़ी। खाद्य नागरिक, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री राजेश नागर ने बुधवार को जिले की बावल, रेवाड़ी व कोसली अनाज मंडियों का जायजा लिया। मंत्री ने निरीक्षण के दौरान आढ़तियों और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने निरीक्षण के दौरान मंत्री ने किसानों के लिए स्थापित हेल्प डेस्क पर दी जा रही सेवाओं, एंट्री गेट व मुख्य द्वार पर बनाए गए कक्ष, आढ़तियों के पास बारदाने की उपलब्धता तथा शिकायत रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने मंडी में आने वाले किसानों के लिए अटल कैंटीन में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था की भी जानकारी ली और इसे बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक बावल डॉ. कृष्ण कुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल, कुलदीप चौहान, मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन दिनेश गोयल सहित अन्य मौजूद रहे।
सिलिंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी
गैस को लेकर मंत्री राजेश नागर ने बताया कि एलपीजी गैस की प्रदेश में कोई कमी नहीं है। आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। कॉमर्शियल सिलिंडरों की भी आपूर्ति 70 प्रतिशत तक की जा रही है। इसके अलावा कालाबाजारी करने वालों और अनावश्यक स्टॉक करने वालों की सूचना मिलने पर विभाग की टीमों द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
ई-खरीद पोर्टल को किया अपग्रेड
राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खाद्यान्न खरीद प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वर्तमान में संचालित ई-खरीद पोर्टल को अपग्रेड किया गया है जिसमें कई नए प्रावधान जोड़े गए हैं। रबी खरीद सीजन 2026-27 के दौरान मंडियों और खरीद केंद्रों में किसान द्वारा बिक्री के लिए लाई जाने वाली गेहूं की आवक के समय, संबंधित वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर सहित फोटो कैप्चर किया जाएगा ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।