रेवाड़ी-रोहतक हाइवे स्थित रामगढ़ चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कैंटर चालक से मारपीट कर साढ़े 17 हजार रुपये छीन लिए। वारदात से पहले बदमाशों ने लिफ्ट लेने के बहाने कैंटर को रुकवाया था। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महेंद्रगढ़ के गांव आकोदा निवासी सोनू ने बताया कि वह वर्तमान में गांव रामगढ़ में अपनी ससुराल में रहता है तथा कैंटर चलाता है। 15 मार्च की रात वह कैंटर लेकर दिल्ली के लिए निकला था। वह हाइवे पर रामगढ़ चौक पर पहुंचा तो बाइक पर खड़े दो युवकों ने कैंटर को लिफ्ट के बहाने रुकवा लिया। सोनू ने कैंटर की खिड़की खोली तो एक युवक अंदर आकर बैठ गया। इसी दौरान दूसरा युवक भी कैंटर में चढ़ गया और चाबी छीन ली। दोनों बदमाशों ने मारपीट कर उसकी जेब से साढ़े 17 हजार की नकदी व दो मोबाइल फोन भी छीन लिए। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। शिकायत के बाद सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।