नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देती छात्राएं। स्रोत: पुलिस
रेवाड़ी। पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर और महर्षि वाल्मीकि चौक पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के कृष्णा नगर स्थित रीजनल सेंटर की छात्राओं ने रंगकर्मी सतीश मस्तान के निर्देशन में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्परिणाम बताए।
छात्राओं की टीम में शामिल मनीषा, किस्मत, मोनिका, आरती और मोहिनी ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है।
इससे आर्थिक परेशानियां, पारिवारिक तनाव और सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं। युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की गई। थाना शहर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने भी लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पिप्पल, वाइस चेयरमैन निखिल मांढैया, ट्रैफिक इंचार्ज एसआई बलवंत सिंह सहित पुलिसकर्मी, ट्रॉमा सेंटर का स्टाफ और लोग मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।