रेवाड़ी। बीएमजी में वीरवार को नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रंगकर्मी सतीश मस्तान के निर्देशन में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के रीजनल सेंटर कृष्णा नगर की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
छात्राओं मनीषा, किस्मत, मोनिका, आरती, दीक्षा और मोहिनी ने अलग-अलग भूमिकाएं निभाकर नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य पर ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। छात्राओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में थाना शहर के प्रबंधक निरीक्षक सूबे सिंह ने भी लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और नशे से दूर रहने के साथ आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। इस दौरान एसआई संदीप, एसआई सुनील, बजरंग शर्मा, धीरज, डॉ. अनिल यादव, संजय मनचंदा, मदन डागर, मोनिका, उर्वशी सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
पुलिस अधिकारियों और कार्यक्रम में शामिल टीम ने लोगों को नशे का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई। समाजसेवी तरुण यादव प्राणपुरा ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।