कुंड। राज्यव्यापी सेवा पखवाड़े के तहत शनिवार को खंड खोल के गांव बासदूदा में पंचायत घर परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रैली और श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया।
सरपंच रामकला की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में एकल खिड़की सेवा बूथ लगाकर ग्रामीणों को परिवार पहचान पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, राशन कार्ड, विवाह शगुन योजना, रिहायश प्रमाण पत्र और फसल बीमा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के तहत सरकारी भवनों, मंदिर परिसर और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया। वहीं बलिदान जसवंत सिंह राजकीय उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता संदेश लिखे बैनरों के साथ रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व मुख्याध्यापक पं. नेमीचंद शांडिल्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता ही सेवा एक बड़ा जनांदोलन है, जिसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों के समय में भी श्रमदान से कुओं, बावड़ियों और गांवों की साफ-सफाई होती थी, इसलिए हमें भी इस परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए।