प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित छात्र-छात्राएं। स्रोत। स्कूल
रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में बुडौली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय में छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अशोक नांदल तथा विशिष्ट अतिथि क्लस्टर हेड सत्यवीर नाहड़िया एवं पूर्व प्राचार्य उमेद सिंह उपस्थित रहे।
विद्यालय के कक्षा 12वीं के 35 विद्यार्थियों में से 17 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया, जबकि 33 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। कक्षा 12वीं में भारती ने प्रथम, शिखा ने द्वितीय तथा शानू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10वीं के सभी 17 विद्यार्थी सफल रहे। दसवीं में साक्षी प्रथम, तमन्ना द्वितीय तथा प्रमिला व दीपिका संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अशोक नांदल ने विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों द्वारा तैयार विज्ञान मॉडलों की सराहना की तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। पूर्व प्राचार्य उमेद सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 1100 रुपये तथा द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 500-500 रुपये देकर प्रोत्साहित किया।