रेवाड़ी। भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। बुधवार को पारा 43 डिग्री जा पहुंचा। पंखा, कूलर के सहारे गर्मी से लड़ने का जतन करने वाले हार चुके हैं। क्योंकि बढ़ता पारा कृत्रिम साधनों पर भारी पड़ रहा है। बुधवार को गर्म हवा के थपेड़ों से लोगों का राह चलना मुश्किल हो रहा है। बुधवार को पारा 43 डिग्री पर जा पहुंचा। जबकि न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे जनजीवन बेहाल हो गया। पशु-पक्षियों का भी भीषण गर्मी से बुरा हाल है। विशेषज्ञों के मुताबिक मौसम का यह मिजाज अच्छी बारिश का संकेत है।
करीब एक सप्ताह पहले आई आंधी व बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया था और गर्मी से लोगों को राहत मिल गई थी, लेकिन बीते चार दिन से गर्मी फिर से बढ़ने लगी है। तेज धूप व उमस लोगों को बेचैन करने लगी। दो दिनों बुधवार को हवा का रुख बदला तो लू चलने लगी। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस था तो वहीं बुधवार को 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
अभिभावक रखें बच्चों का ख्याल
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। गर्मी के दिनों में मानव शरीर द्वारा पानी की अधिक खपत की जाती है। इसलिए अभिभावक अपने छोटे बच्चों को अधिक पानी पिलाएं और पीने के लिए भी कहें।
गर्म होकर टूट रहे बिजली के तार
भीषण गर्मी से जनजीवन तो बेहाल है ही साथ ही तपिश से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। पुराने व जर्जर तार गर्म होकर टूट रहे हैं। ट्रांसफार्मर भी जवाब दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या आम हो गई है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो रही। सैकड़ों उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।