संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मेडिकल स्टोर संचालक प्रवीण कुमार से फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर साइबर ठगों ने 5.58 लाख रुपये ठग लिए। उनकी शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
कसौला चौक निवासी प्रवीण कुमार को 27 मई 2024 को एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉलर ने फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया। विवान वर्मा और नितेश जैन ने उनसे क्यूआर कोड के माध्यम से निवेश करवाना शुरू किया। मई 2024 से जनवरी 2025 के बीच प्रवीण ने पीएनबी, एचडीएफसी और आईडीबीआई बैंक खातों से कुल 5 लाख 58 हजार 350 रुपए ट्रांसफर किए।
ठगों ने वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर 17 लाख रुपए का मुनाफा दिखाया। जब प्रवीण ने इसे निकालने का प्रयास किया तो असफल रहे। इसके बाद ठगों ने टैक्स के नाम पर 5.50 लाख रुपये और मांगे। तभी प्रवीण को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।