रेवाड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अमित वर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से वैकल्पिक विवाद निवारण प्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जन जागरूकता अभियान मेडिएशन फॉर द नेशन की शुरुआत की गई है।
यह अभियान अदालतों पर मुकदमों के बढ़ते बोझ को कम करने और आम जनता को सरल तथा सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यस्थता के महत्व को रेखांकित करता है।
इस अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न अदालतों में चल रहे मुकदमों को मध्यस्थता केंद्र द्वारा सुलझाने के प्रयास किए जाएंगे। इस अभियान के अंतर्गत 2 जनवरी से उचित लंबित मुकदमों को समझौता केंद्र रेवाड़ी में भेजा जाएगा तथा मुकदमों में मध्यस्थता केंद्र द्वारा समझौता कराने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा मामले, चेक बाउंस मामले, वाणिज्य के विवाद, सेवा मामले, आपराधिक समझौता योग्य मामले, उपभोक्ता विवाद मामले, विभाजन मामले, भूमि अधिग्रहण मामले तथा अन्य उपयुक्त सिविल मामले अदालतों द्वारा भेजे जाएंगे, जिन लोगों के मुकदमे विभिन्न अदालतों में चल रहे हैं वह संबंधित अदालत के द्वारा अपने मुकदमे समझौते के लिए समझौता केंद्र रेवाड़ी में भिजवा सकते हैं।
सचिव अमित वर्मा ने यह भी बताया कि मध्यस्थता द्वारा मामले आसानी से तथा आपसी भाईचारे से सुलझाया जा सकते हैं। इससे समय तथा धन दोनों की ही बचत होती है तथा आपस में भाईचारा बढ़ता है।
उन्होंने बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा आमजन के लिए चलाए गए टोल फ्री नंबर 15100 एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 01274-220 062 चलाया हुआ है जिस पर आम जन किसी भी प्रकार के कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।