बावल (रेवाड़ी)। गांव जड़थल निवासी 21 वर्षीय अग्निवीर ध्रुव कुमार देश सेवा करते हुए शहीद हो गए। जून 2025 में भारतीय सेना में भर्ती हुए ध्रुव कुमार वर्तमान में प्रयागराज में तैनात थे। वहीं से प्रशिक्षण से लौटते समय चट्टान से पैर फिसलने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शहादत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
ध्रुव कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर करीब एक बजे तिरंगे में लिपटा हुआ गांव के निकट पहुंचा। पार्थिव शरीर के पहुंचने की सूचना पर ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। युवाओं ने शहीद ध्रुव अमर रहे और देशभक्ति के नारों के साथ बाइक रैली निकालकर श्रद्धांजलि दी।
ध्रुव कुमार हंसमुख और मिलनसार थे। पिता लंबे समय से बीमार रहते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। ध्रुव का एक छोटा भाई है और वह परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा थे। भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमान छाबड़ी, जिला पार्षद धर्मेंद्र खटाना, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।