बावल। गांव किशनपुरा में बुधवार सुबह विवाहिता नीतू का शव फंदे पर लटका मिला। मृतका के भाई ने दहेज की मांग पूरी न करने पर पति राकेश, जेठ और जेठानी पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
राजस्थान के मुंडावर क्षेत्र के गांव रेणागेर के रहने वाले मृतका के भाई मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन नीतू की शादी 8 दिसंबर 2023 को किशनपुरा निवासी राकेश के साथ हुई थी।
शादी के एक माह तक सब कुछ सामान्य रहा लेकिन इसके बाद पति राकेश, जेठ और जेठानी ने दहेज को लेकर ताने देने शुरू कर दिए। मनोज के अनुसार सितंबर 2024 में नीतू ने एक बेटी को जन्म दिया।
इसके बाद परिवार वालों का व्यवहार और अधिक खराब हो गया। आरोप है कि जेठानी ने बेटी होने पर ताना मारते हुए पांच लाख रुपये की मांग की। जब मायके पक्ष ने आर्थिक असमर्थता जताई तो ससुराल पक्ष का उत्पीड़न और बढ़ गया।
मनोज ने बताया कि करीब दो महीने पहले राकेश उनके घर आया और उनका ट्रैक्टर अपने साथ ले गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि 14 अप्रैल को सुबह करीब 9 बजकर 10 मिनट पर नीतू ने फोन कर बताया कि पति, जेठ और जेठानी उससे पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।
इतना ही नहीं उसके साथ मारपीट भी कर रहे हैं। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। मनोज ने उसे आश्वासन दिया कि वह अगले दिन सुबह पिता के साथ किशनपुरा पहुंचेगा।
फंदे पर लटका मिला शव
मुकेश ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि नीतू ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मनोज अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने नीतू का शव फंदे पर लटका हुआ पाया। परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश बताया है।
पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या की है या फंदे पर शव लटकाया गया है, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
संजय कुमार, प्रभारी, थाना बावल
मृतक नीतू