रेवाड़ी। दिल्ली शाहदरा-साहिबाबाद रेलखंड के पुल संख्या 241 बी पर तकनीकी कार्य के चलते 13 और 14 दिसंबर को ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण कई ट्रेनें रद्द रहेंगी जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकिरण के अनुसार 14 दिसंबर को दिल्ली-सातरोड अप और डाउन रद्द रहेगी। इसके अतिरिक्त कई प्रमुख ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। इनमें दौराई-टनकपुर एक्सप्रेस (15091), साबरमती-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस (19031), लालगढ-डिब्रुगढ एक्सप्रेस (15910), बाडमेर-हावडा एक्सप्रेस (12324), काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस (15014) शामिल है।
इसके अलावा प्रयागराज-भिवानी एक्सप्रेस (14117), वाराणसी-साबरमती एक्सप्रेस (20964) और कामाख्या-जोधपुर एक्सप्रेस (15624) के मार्ग बदले गए हैं। अधिकांश ट्रेनें दिल्ली या दिल्ली शाहदरा स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी।
इसके अतिरिक्त जम्मूतवी-बाडमेर रेलसेवा (14662) को 13 दिसंबर को 1 घंटे की देरी से रवाना किया जाएगा। वहीं बरेली-भुज रेलसेवा (14321) को 14 दिसंबर को साहिबाबाद स्टेशन पर 10 मिनट के लिए रेगुलेट किया जाएगा।
ट्रेफिक ब्लॉक के दौरान स्टेशन पर यात्री सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और मार्ग परिवर्तन की जानकारी अवश्य लें।