रेवाड़ी। पुलिस ने तीन साल से भाग रहे पंच पर गोली चलाने की वारदात में शामिल एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के जिला मुरैना के अम्बाह निवासी हरिओम है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस मामले में 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 29 अक्तूबर 2022 को गांव औलांत निवासी ओमप्रकाश ने अपनी शिकायत में बताया था कि सुबह के समय करीब तीन बजे उन्हें अपने घर के दूसरे कमरों से आवाज सुनाई दी।
इसके बाद उनकी आंख खुल गई और उन्होंने देखा कि दो लड़के कमरे में रखे बक्से को चोरी करके ले जा रहे हैं। इस पर उन्होंने शोर मचाया तो उनका बेटा भी उठ गया। इसके बाद उन्होंने चोरों का पीछा किया तो दो और इनके साथी बाहर खड़े हुए थे। जब चारों बक्से को लेकर भागने लगे तो उन्होंने शोर मचा दिया। आरोपी बक्से में रखे हुए 40 हजार रुपये की नकदी सहित अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस जांच में पता चला था कि मामले में संलिप्त सभी आरोपियों ने 14 फरवरी 2023 को गांव बासदूदा निवासी अमित कुमार के घर पर भी कुल्हाड़ी और देशी पिस्टल के बल पर लूट का प्रयास किया गया था।