संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। फ्लैट बुकिंग के नाम पर भोतवास भोंदू निवासी कुलदीप शर्मा से 6.19 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने यूपी के लखीमपुर के गांव सकेथू हाल किरायेदार दिल्ली के क्रांति नगर निवासी सुधाकर वर्मा को गिरफ्तार किया है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार वर्ष 28 जुलाई 2025 को गांव भोतवास भोंदू निवासी कुलदीप शर्मा ने शिकायत में बताया था कि उनके पास 3 जून 2025 को व्हाट्सएप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उसे घर बैठ काम करते हुए पैसा कमाने का लालच दिया था। उन्होंने इसके लिए मना कर दिया।
दो-तीन दिन बाद टेलीग्राम पर एबीसीसी प्रोजेक्ट के बारे में फ्लैट बुकिंग प्रोजेक्ट में पैसा लगाने के लिए कहा गया। उनके पास एक लिंक भेजकर प्लान समझाया गया। उसने झांसे में आकर 8 ट्रांजेक्शन के जरिए 6 लाख 19 हजार रुपये बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद उसने फ्लैट बुकिंग का लेटर या रसीद मांगी, तो उन लोगों ने रसीद या लेटर नहीं दिए। उससे और अधिक पैसे की मांग की गई, तो उसकी ठगी का पता चला। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 96 हजार 872 रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।