भिवाड़ी। स्पोर्ट्स क्लब भिवाड़ी, सर्व सेवा संस्थान और मानव मंगल विकास समिति के तत्वावधान में मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। खोरी कलां में आयोजित मैच में मालपुरा इलेवन ने तावडू क्रिकेट टीम को 13 रनों से हराकर जीत दर्ज की।
मालपुरा क्रिकेट टीम के कप्तान ललित ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 19.2 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 161 रन बनाए। शुरूआत में टीम संकट में घिर गई थी, जब चार ओवरों में ही 29 रनों पर पांच विकेट गिर चुके थे लेकिन केजे जांगिड़ और सीनियर खिलाड़ी दिनेश बेदी ने शानदार साझेदारी निभाई।
केजे जांगिड़ ने आक्रामक 69 रन बनाए, जबकि दिनेश बेदी ने कलात्मक स्ट्रोक के साथ नाबाद 45 रन जोड़े। दोनों ने 126 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हिमांशु ने 13 रनों का योगदान दिया, लेकिन छह खिलाड़ी शून्य पर आउट हो गए।
तावडू क्रिकेट टीम की ओर से गेंदबाजी में विकास यादव और जब्बार सरपंच ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि कप्तान जसवंत जांगड़ा ने दो विकेट लिए।
जवाबी पारी में तावडू क्रिकेट टीम ने 20 ओवरों में 148 रन बनाकर सभी विकेट गंवा दिए। जब्बार सरपंच ने संघर्षपूर्ण 64 रनों की लाजवाब पारी खेली, जो टीम की जीत की उम्मीद जगाती रही।
हनीश ने 27, वारिस खान ने 18, राकेश ने 9 और सचिन शर्मा ने 6 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। मालपुरा की ओर से गेंदबाजी में केजे जांगिड़ ने तीन विकेट झटके, जबकि महेंद्र, संजय यादव और चेतन ने दो-दो विकेट लिए। विकास कटारिया को एक विकेट मिला।
केजे जांगिड़ को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला
एवीआर ग्राउंड के संचालक संजय यादव ने बताया कि मैच बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों ने खेल भावना का प्रदर्शन किया। मैच के अंत में पुरस्कार वितरण किया गया, जहां केजे जांगिड़ को मैन ऑफ द मैच और बेस्ट गेंदबाज का खिताब मिला। दिनेश बेदी को बेस्ट बल्लेबाज और जब्बार सरपंच को बेस्ट फाइटर चुना गया। सभी को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भिवाड़ी स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष दिनेश बेदी, संजय यादव, कप्तान ललित, कप्तान जसवंत जांगड़ा, केजे जांगिड़, विकास, संदीप उपस्थित रहे।