रेवाड़ी। केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन करने के लिए 26 अक्तूबर को रोहतक के नांदल भवन बोहर में प्रदेशस्तरीय किसान-मजदूर, छात्र-युवा और महिला महापंचायत आयोजित की जाएगी। श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह ने बताया कि महापंचायत में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की भांजी गुरजीत कौर, जेएनयू दिल्ली के सेवानिवृत्त प्रोफेसर अरुण कुमार, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यवान और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
कॉमरेड राजेंद्र सिंह ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और कर्ज का बढ़ता बोझ आम जनता के लिए गंभीर समस्या बन गया है। स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं मुनाफे का माध्यम बनती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिकों को न्यूनतम वेतन नहीं मिल रहा और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं को भी उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार नहीं मिल पा रहा है।